क्या सोनिया गांधी के पिता हिटलर की फौज में नहीं थे..? कांग्रेस का हाथ, देश बांटने वालों, आगजनी वालों और आतंकवादियों के साथ: भाजपा

नयी दिल्ली- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पद्मश्री के लिए चुने गये पाकिस्तानी से भारतीय बने मशहूर गायक अदनान सामी के पिता को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा सवाल उठाये जाने पर आज पलटवार किया और पूछा कि क्या कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के पिता मुसोलिनी एवं हिटलर की फौज में काम नहीं करते थे।


भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 26 जनवरी के अवसर पर जिन्हें पद्म सम्मान दिए गए हैं, उनमें से मशहूर संगीतकार अदनान सामी के पद्मश्री को लेकर कांग्रेस और तथाकथित उदारवादियों द्वारा एक राजनीतिक बखेड़ा खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के शासनकाल में पद्म सम्मान लोकतांत्रिक तरीके से दिये जा रहे हैं। अत्यंत योग्य एवं प्रतिभासंपन्न लोगों को ये पुरस्कार दिया जाता है।