निर्भया केस: दिल्ली कोर्ट का तिहाड़ जेल को नोटिस, पवन जल्लाद को बुलाया गया

 नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को तिहाड़ जेल प्रशासन को नोटिस जारी किया है। अदालत ने प्रशासन से निर्भया सामूहिक दुष्कर्म और हत्या मामले में चारों दोषियों को फांसी टालने वाली याचिका पर शुक्रवार को जवाब देने को कहा है। विशेष न्यायाधीश एके जैन ने तिहाड़ जेल के अधीक्षक को शुक्रवार को सुबह दस बजे तक इस याचिका पर जवाब दाखिल करने को कहा।


फांसी की सजा का सामना कर रहे दोषी विनय कुमार शर्मा की ओर से पेश वकील एपी सिंह ने अदालत से फांसी को अनिश्चितकाल के लिए टाल देने को कहा क्योंकि कुछ दोषियों के कानूनी उपचार अभी बाकी हैं। इसपर अभियोजन पक्ष ने कहा कि याचिका न्याय का मजाक है और यह फांसी को टालने की महज एक तरकीब है। 

इधर, तिहाड़ जेल प्रशासन ने पवन जल्लाद को मेरठ से बुलाया है। पवन चारों दोषियों को फांसी पर लटकाने वाले हैं। मालूम हो कि एक फरवरी को चारों दोषियों को फांसी दी जाएगी। वहीं, कल(शुक्रवार) को पवन चारों दोषियों के डमी को फांसी पर लटकाएंगे।