अमेरिकी राष्ट्रपति के स्वागत के लिए खास तैयारी, ताजनगरी इस अंदाज में बोलेगी- 'नमस्ते ट्रंप'

आगरा।  अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 24 फरवरी को दिल्ली से पहले अहमदाबाद जाएंगे, वहां से आगरा आएंगे। आगरा और अहमदाबाद के अफसरों में यह होड़ लगी है कि किसके यहां स्वागत-सत्कार बेहतर हो। अहमदाबाद में जबरदस्त तैयारी पहले से चल रही है। 


अब आगरा में तैयारी ने तेजी पकड़ी है। यहां खेरिया एयरपोर्ट से निकलते ही ताजमहल तक रास्ते में दोनों ओर डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटआउट लगाए जाएंगे। जगह-जगह होर्डिंग होंगे, जिन पर ट्रंप और उनकी पत्नी का वेलकम लिखा होगा। जगह-जगह स्टेंडी भी लगाई जाएंगी।


मंडलायुक्त अनिल कुमार ने रविवार को पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ ताजमहल पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान यह चर्चा तक हुई कि डोनाल्ड ट्रंप को शू कवर कहां पर पहनाए जाएंगे। सैलानियों को ये चमेली फर्श पर जाने से पहले पहनाए जाते हैं। ट्रंप को इससे पहले ही पहनाए जाने पर विचार हुआ। दूसरा मुद्दा यह आया कि ट्रंप को वो बुकलेट कहां दी जाएगी जिस पर राष्ट्राध्यक्ष ताज के बारे में अपने विचार लिखते हैं। मंडलायुक्त ने बताया कि सभी तैयारियों का जायजा लिया है।