हिंदूवादी नेता की हत्या पर अखिलेश यादव बोले, सत्ता परिवर्तन के बाद ही जनता को मिलेगी राहत

 लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हिंदूवादी नेता रणजीत बच्चन की दिनदहाड़े पर हत्या पर योगी सरकार पर निशाना साधा। जारी किए गए बयान में उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री दिल्ली में प्रचार में व्यस्त हैं। यहां राजधानी में दिनदहाड़े हत्या हो गई।

रामनगरी अयोध्या में बम से हमला हुआ तो हापुड़ में दो बहनों से सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटी। हरचंदपुर रायबरेली में युवती की हत्या हो गई। छेड़छाड़, लूट, हत्या, बलात्कार में उत्तर प्रदेश सभी राज्यों को पीछे छोड़ रहा है। विदेश तक में यूपी की बदनामी हो रही है। 2022 में सत्ता परिवर्तन के बाद ही जनता को इससे राहत मिल सकेगी।

अखिलेश के अलावा विपक्ष की अन्य पार्टियों ने भी सरकार पर निशाना साधा
48 घंटे में अपराधी नहीं पकड़े गए तो आंदोलन-शिवसेना
शिवसेना के प्रदेश प्रमुख विश्वजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश में हिंदूवादी सरकार है फिर भी हिंदुओं की हत्याएं हो रही हैं। पहले कमलेश तिवारी की हत्या हुई और अब रणजीत बच्चन को मार दिया गया। शिवसेना ने कहा, 48 घंटे में अपराधियों की गिरफ्तारी न होने पर शिवसेना प्रदेश भर में प्रदर्शन करेगी।