रामराज्य की परिकल्पना साकार करना योगी सरकार की प्राथमिकता : राज्यपाल आनंदी बेन पटेल

लखनऊ। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गुरुवार को विधानमंडल के संयुक्त सत्र में अपने अभिभाषण में प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई। कहा कि रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रदेश का सर्वांगीण विकास ही मेरी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने खुशी जताई कि सरकार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वें जयंती वर्ष में दो अक्तूबर, 2019 को विधानसभा का विशेष सत्र आहूत किया। 36 घंटे तक लगातार चर्चा कर राष्ट्रपिता के उच्च आदर्शों का पालन करते हुए संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा निर्धारित सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने का संकल्प लिया। उन्होंने रामचरित मानस के उत्तर कांड की चौपाई पढ़ी-


दैहिक दैविक भौतिक तापा। रामराज नहिं काहुहि ब्यापा॥
सब नर करहिं परस्पर प्रीति। चलहिं स्वधर्म निरत श्रुति नीती।।

राज्यपाल ने कहा कि इसी रामराज्य की परिकल्पना को साकार करना मेरी सरकार की प्राथमिकता है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की नीति अपनाते हुए समाज के सभी वर्गों का सामाजिक, आर्थिक न शैक्षिक विकास सहित सर्वांगीण विकास कार्यक्रम अनवरत जारी है। सरकार ने संविधान में उल्लखित इसी संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर की स्मृति में संविधान दिवस पर 26 नवंबर को विधानमंडल का विशेष सत्र आहूत किया।