टेक्नोसेवी नजर आने लगे हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मंगवाया गया नया डेस्कटॉप व आईपैड

 लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही कंप्यूटर पर जहां से चाहें बैठकर फाइलें निपटाते नजर आएंगे। मुख्यमंत्री अपने ‘दर्पण’ डैशबोर्ड से सरकारी योजनाओं की प्रगति की ऑनलाइन मॉनीटरिंग पहले से ही कर रहे हैं। अब भाषण से ई-ऑफिस तक तकनीक का बढ़-चढ़कर उपयोग करते नजर आएंगे। मुख्यमंत्री के लिए नया डेस्कटॉप व आईपैड मंगा लिया गया है।








मुख्यमंत्री ने योजनाओं व परियोजनाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग के लिए ‘दर्पण’ डैशबोर्ड तैयार कराया है। इसमें संचालित महत्वपूर्ण योजनाएं, परियोजनाएं व जनहित गारंटी अधिनियम व निवेश मित्र पोर्टल के जरिए तय समयसीमा में दी जाने वाली सेवाएं जोड़ी जा रही हैं।
लगभग सभी प्रमुख विभागों की योजनाएं, परियोजनाएं व सेवाएं इससे जुड़ गई हैं। जो बाकी हैं, उन्हें अगले महीने तक जोड़ने का लक्ष्य है। सचिव मुख्यमंत्री आलोक कुमार के निर्देशन में यह काम तेजी से चल रहा है।
शासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री का प्रदेश का औचक भ्रमण शुरू होने वाला है। दर्पण डैशबोर्ड के जरिए मुख्यमंत्री जिस भी क्षेत्र में होंगे, वहां की प्रत्येक योजना, परियोजना व सेवाओं की प्रगति की नवीनतम रिपोर्ट देख सकेंगे और फील्ड की स्थिति का मिलान कर जरूरी कार्रवाई का मौके पर ही एलान कर देंगे।