राजगढ़ में CAA की समर्थन रैली पर लाठीचार्ज, बीजेपी कार्यकर्ता भड़के

ब्यावरा: मध्य प्रदेश के ब्यावरा में नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रैली निकाल रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की कलेक्टर से झड़प हो गई. प्रशासन का कहना है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह रैली बिना अनुमति निकाली थी, जबकि राजगढ़ जिले में धारा 144 लागू किया गया था.'  भाजपा कार्यकर्ता राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता से मिलने और उन्हें  ज्ञापन देने कलेक्ट्रेट पहुंच गए. 


कलेक्टर ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रैली निकालने से रोका तो मामला बिगड़ गया. भाजपाई नाराज हो गए. कलेक्टर निधि निवेदिता भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच आ गईं और सबसे वापस चले जाने के लिए कहा. जब भाजपा कार्यकर्ता नहीं माने तो कलेक्टर भड़क गईं और उन्हें धक्का देकर पीछे हटाने लगीं. इस दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता ने विरोध प्रकट किया तो कलेक्टर निधि निवेदिता ने उसे चाटा जड़ दिया.


जिसके बाद वहां मौजूद अन्य भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए. मौके पर मौजूद पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई लोग घायल हो गए. कलेक्टर निधि निवेदिता को भाजपा कार्यकर्ताओं से भिड़ता देख एसडीएम प्रिया वर्मा ने भी भीड़ के बीच घुस गईं. कलेक्टर और एसडीएम के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं की तीखी नोकझोंक हुई.