राज्यपाल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया यूपी दिवस का उद्घाटन, आवासीय विद्यालय की दी सौगात

 लखनऊ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व  योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के स्थापना दिवस पर तीन दिवसीय समारोह यूपी दिवस का दीप प्रज्जवलन कर उद्घाटन किया। इस दौरान प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा सहित कई मंत्री मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समारोह स्थल अवध शिल्प ग्राम का भ्रमण किया। बता दें कि समारोह में अगले तीन दिनों तक रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसमें कई लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश अस्तित्व में आया। आज प्रदेश ने अपनी स्थापना के 70 साल पूरे कर लिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतीत को भूलकर कोई भी समाज और राष्ट्र कभी भी तरक्की नहीं कर सकता है। अतीत की गौरवशाली परंपराएं हमें प्रेरित करती हैं तो अतीत के अनुभवों के आधार पर हम भविष्य निर्माण के लिए योजनाएं बनाते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ही लोकतंत्र की पहली आधारशिला रखी गई। यहां की सबसे पवित्र नदी गंगा राज्य में सबसे लंबी दूरी तय करती है। यहीं पर विश्व की सबसे प्राचीनतम नगरी काशी है। यहीं पर अयोध्या और मथुरा भी है। यहां पर जन्म लेकर गौतम बुद्घ ने दुनिया को शांति का संदेश दिया। यूपी में ही सर्वाधिक जैन तीर्थंकरों का जन्म हुआ है। इस प्रदेश के लोगों ने देश की स्वतंत्रता के आंदोलन में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। भारत को सर्वाधिक प्रधानमंत्री इसी प्रदेश ने दिए हैं। इस दौरान उन्होंने चुटकी ली कि केंद्र में बैठी सरकारों को पिछले 68-70 वर्षों में प्रदेश के बारे मे सोचने की फुरसत नहीं मिली।