सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए डॉक्यूमेंट होना चाहिए या नहीं- राजनाथ सिंह

मेरठ। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के समर्थन में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (BJP) की क्षेत्रीय रैली में संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा क‍ि यह क्रांतिकार‍ियों की धरती है। इसकी अहमियत को भाजपा समझती है। रैलियों का शुभारंभ 2014 और 17 में भी यहीं से किया था। उन्होंने कहा कि मोहिउद्दीनपुर और रमाला चीनी मिल की हालत सुधरी है। किसानों की एक एक पाई का भुगतान क‍िया जाएगा। 2022 समाप्त होते होते सभी को पक्की छत मुहैया हो जाएगी। 2024 समाप्त होते होते हर घर मे नल से जल पहुंचाएंगे।


मेरठ के शताब्‍दीनगर मैदान में सीएए को लेकर विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही भ्रांतियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अनुच्‍छेद 370 को चुटकी बजाकर समाप्त कर दिया। नागरिकता संशोधन कानून हमने पिछली बार बनाया था लेकिन लागू नहीं हो पाया था, इस बार कर दिया। कहा क‍ि इस कानून को अब हिन्दू मुस्लिम के नजरिए से देखा जा रहा है। हमारे प्रधानमंत्री धर्म से इतर न्याय की बात करते हैं। गांधी जी ने भी कहा था क‍ि धर्म के आधार पर विभाजन नहीं होना चाहिए। टुकड़े टुकड़े करने के नारे लगाए जा रहे हैं। सारी दुनिया भारत की ताकत स्वीकार कर रही है। हम धर्म मजहब की राजनीति करके स्वार्थ नहीं देखते। हम राजनीति सरकार बनाने को नहीं देश बनाने को करते हैं।


राजनाथ सिंह ने सवाल करते हुए कहा क‍ि क्या नागरिकों का रजिस्टर नहीं होना चाहिए? सरकारी योजना का लाभ लेने के लिए डॉक्यूमेंट होना चाहिए या नहीं। कहा क‍ि पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यक जलालत कि जिंदगी जी रहे हैं। भारत ने अपने धर्म का पालन किया है।


इससे पहले सीएए के समर्थन में माधवकुंज शताब्दी नगर में आयोजित जनजागरण रैली में मंत्री चेतन चौहान व सुनील भराला पहुंचे। रैली के लिए कड़ी सुरक्षा का बंदोबस्त किया गया है। भाजपा की महानगर और जिला इकाई पिछले दो दिन से रैली स्थल पर कैंप कर रही है। रैली स्थल के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है, जबकि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं की भी ड्यूटी लगाई है।