दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020- BJP ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट

नई दिल्ली ।  दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 में प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह के अलावा, फिल्म स्टार्स भी शामिल हैं। इन नामों में हेमा मालिनी और सनी देओल के अलावा भोजपुरी इंडस्ट्री से जुड़े अभिनेता रवि किशन के साथ दिनेश लाल उर्फ निरहुआ का भी नाम है। 


बिहार के नेता भी करेंगे प्रचार


दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा-JDU-LJP में गठबंधन होने के चलते बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और लोक जनशक्ति पार्टी पार्टी के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री राम विलास अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। वहीं, दूसरी ओर बिहार भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी प्रचार के लिए दिल्ली आएंगे।


यहां पर बता दें कि दिल्ली में पूर्वांचल और बिहार के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। वैसे तो दिल्ली की सभी 70 सीटों पर पूर्वांचल और बिहार के वोटर्स का प्रभाव है, लेकिन तकरीबन 25 सीटों पर ये हार-जीत को भी प्रभावित करते हैं। ऐसे में भाजपा ने भोजपुरी के कलाकारों रवि किशन और दिनेश लाल उर्फ निरहुआ को उतारने का फैसला लिया है। 


फिल्मी कलाकार भी जमाएंगे रंग


दिल्ली चुनाव में भाजपा द्वारा स्टार प्रचारकों की लिस्ट में कई नाम फिल्मी दुनिया से भी हैं। इनमें हेमा मालिनी और सनी देओल के नाम हैं। बता दें कि दोनों ही नेताओं ने लोकसभा चुनाव -2019 में दिल्ली-एनसीआर के प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया था। 


हरियाणवी सिंगर-डांसर सपना चौधरी को नहीं मिली जगह


हरियाणा, यूपी और राजस्थान के साथ बिहार तक में अपने डांस के लिए मशहूर सपना चौधरी को भाजपा की स्टार प्रचारकों की सूची में नहीं रखा गया है। यह अलग बात है कि उन्होंने लोकसभा चुनाव 2019 में उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे मनोज तिवारी के पक्ष में जमकर प्रचार किया था और रोड शो में भी शामिल हुई थीं।