सीएए विरोध देश के खिलाफ षड्यंत्र - योगी आदित्यनाथ

वाराणसी


नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर शनिवार को केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय के साथ कई राज्यमंत्री मौजूद रहे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जमकर कांग्रेस पर निशाना साधा।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस समय नागरिकता कानून को लेकर जो विरोध हो रहा है, वह केवल भारतीय जनता पार्टी का विरोध नहीं है। यह विरोध देश के खिलाफ षड्यंत्र है। उन्होंने कहा कि सभी को इस समय जागरूक करने की जरूरत है। लोगों को जागरूक करने के लिए ही हम आप लोगों के बीच आए हैं।


स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को बांट दिया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने धर्म के आधार पर देश का बंटवारा राष्ट्रहित में नहीं परिवार हित में स्वीकार किया था। उन्हें परिवार के एक सदस्य को नेता प्रधानमंत्री बनाना था। स्मृति ईरानी ने अपनी बात की शुरुआत कश्मीरी पंडितों के पलायन और नरसंहार से की। उन्होंने कहा कि 1990 में पाकिस्तान के इशारे पर काला इतिहास हमारे देश का अंग बन गया।