वेस्‍ट यूपी में CAA के समर्थन में मानव श्रृंखला बनाकर किया जागरूक

मेरठ । CAA नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शनिवार को वेस्‍ट यूपी के कई जिलों में भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों और बड़ी संख्‍या में कार्यकताओं ने मानव श्रृंखला बनाई। सहारनपुर, शामली, मेरठ, बुलंदशहर आदि जिलों में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


सहारनपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा शनिवार को मानव श्रृंखला बनाकर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।  शनिवार को हकीकत नगर स्थित रामलीला मैदान में कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद कलेक्ट्रेट तिराहे पर मानव श्रृंखला बनाकर भाजयुमो के कार्यकर्ता एकत्र हुए। लोगों को सीएए के प्रति जागरूक कर इस कानून के बारे में बताया गया। महापौर संजीव वालिया और पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने जो यह कानून बनाया है, वह देश हित में है। यह कानून किसी की नागरिकता छीनने का नहीं, बल्कि नागरिकता देने वाला है। सरकार देश हित में कार्य करके सबका साथ सबका विकास का नारा लेकर चल रही है।


शामली में नागरिक संशोधन कानून के समर्थन और जनता को जागरूक करने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाई। आयोजन की जिम्मेदारी भाजयुमो को दी गई थी। जिले भर से कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। सुबह दस बजे से कार्यकर्ता शहर के सुभाष चौक पर पहुंचने लगे। एक-दूसरे का हाथ थामते हुए कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाई। वर्मा मार्केट तक कार्यकर्ता मानव श्रृंखला के रूप में पहुंच गए थे। भारत माता की जय के उद्घोष भारत माता की जय के उद्घोष के साथ सीएए के समर्थन में भी नारेबाजी गई। गुजर रहे वाहनों पर सीएए के समर्थन में स्टीकर भी लगाए गए। वर्मा मार्केट तिराहे से वापस सुभाष चौक पर कार्यक्रम का समापन हुआ।