जनता दरबार में फरियाद सुनकर बोले सीएम योगी, जल्द हो इनकी समस्या का समाधान

गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर स्थित हिंदू सेवाश्रम में मुख्यमंत्री का जनता दरबार लगा तो फरियादियों की भीड़ उमड़ पड़ी। शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार में अरसे बाद लगभग 800 करीब लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री एक एक कर लोगों से मिलते रहे। सबकी समस्याएं सुनी तथा हर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।


बहुत से लोगों ने अपना प्रार्थना पत्र समस्या समाधान अधिकारी को दिया। मुख्यमंत्री सुबह नीचे उतरे तो सबसे पहले गुरु गोरखनाथ का दर्शन पूजन किया। शिवरात्रि का पर्व होने के कारण उन्होंने भगवान शिव को जल चढ़ाया। उसके बाद वह मंदिर का भ्रमण करते हुए गोशाला गए। जहां पर गायों को गुड़ खिलाया।


थोड़ी देर वहां रहे उसके बाद वह सीधे जनता दरबार में पहुंचे। हिंदू सेवाश्रम में लगी कुर्सियां भरी पड़ी थी। बहुत से लोग बाहर इंतजार कर रहे थे। बारी- बारी से लोगों से मिलते रहे उनकी समस्याएं सुनते रहे। भरोसा दिलाते रहे कि उनकी समस्या का समाधान होगा।