क्या केजरीवाल का दामन थामेंगे नवजोत सिंह सिद्धू, अटकलों पर 'आप' ने दिया बड़ा बयान

चंडीगढ़। दिल्ली विधानसभा चुनाव में मिली एकतरफा जीत से पंजाब में भी आम आदमी पार्टी उत्साहित है। पार्टी का अगला लक्ष्य भी 2022 पंजाब विधानसभा चुनाव है। चुनाव को लेकर गतिविधियां 2021 के पहले महीने से शुरू हो जाएंगी। इसी बीच पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू के आम आदमी पार्टी में शामिल होने की राजनीतिक अटकलें भी शुरू गईं। हालांकि इस पूरे मामले में आप का एक बयान आया है।


कैबिनेट मंत्री का पद छोड़ने के बाद नवजोत सिंह सिद्धू राजनीतिक गतिविधियों से एकदम दूर हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की तो पंजाब में अटकलों का दौर शुरू हो गया। अब आप ने नवजोत सिंह सिद्धू समेत विभिन्न दलों के नेताओं के शामिल होने की तेज हुई अटकलों पर विराम लगा दिया। पार्टी ने साफ कर दिया है कि पार्टी फिलहाल संगठन को मजबूत करने और स्थानीय मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। 


इसके बाद चुनावी रणनीति के लिए पार्टी सुप्रीमो के निर्देश पर ही कोई फैसला लिया जाएगा। पार्टी ने इस बात से भी इनकार किया कि अरविंद केजरीवाल फरवरी के अंतिम सप्ताह में पंजाब में कोई रैली करेंगे। पार्टी ने कहा कि केजरीवाल दिल्ली में सरकार बनाने में व्यस्त हैं और अभी उनका पंजाब का कोई कार्यक्रम नहीं है। दरअसल, पंजाब 'आप' ने जैसे ही यह एलान किया कि उसका लक्ष्य 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव हैं तो इसी के साथ राजनीतिक गलियारों और मीडिया में कई तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं।